कटनी – दीपावली पर्व के दौरान उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने और मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं नमूना कार्रवाई लगातार की जा रही है। इसी क्रम में विजयराघवगढ़ में तहसीलदार श्री राजेन्द्र श्रीवास्तव एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर पांच खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए।

निरीक्षण के दौरान एसबीआई चौक स्थित बीकानेर मिष्ठान भंडार की निर्माण इकाई से खोया, पिन्नी एवं काजू कतली के नमूने लिए गए। वहीं संकट मोचन चौक स्थित अनिल मिष्ठान भंडार से खोया एवं खोया बर्फी के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।
संग्रहित सभी नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजे जा रहे हैं। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि कोई नमूना खाद्य सुरक्षा एवं मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि मिलावटी, अमानक एवं गलत नाम या दावे के साथ बेचे जा रहे खाद्य पदार्थों के विरुद्ध जांच एवं कार्रवाई का अभियान निरंतर जारी रहेगा।
रिपोर्ट - राहुल राज बेन



