गैस सिलेंडर बुकिंग एवं वितरण व्यवस्था की सुनिश्चित हो सतत् मॉनिटरिंग,कलेक्टर ने टीएल बैठक में दिए निर्देश–
कलेक्टर ऊषा परमार ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समयावधि पत्रों की विभागवार समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरण शेष कार्य दिवस में अनिवार्य रूप से निराकृत करें। किसी भी स्थिति में कार्रवाई के अभाव में शिकायतें लंबित न रहें। इसी तरह टीएल और जनसुनवाई पत्रों की भी समीक्षा कर निर्धारित समयावधि में निराकरण के लिए निर्देशित किया गया। टीएल बैठक में जिला कलेक्टर द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा एवं महिला बाल विकास विभाग के समन्वय से किशोरी बालिकाओं के निरंतर एचपीवी टीकाकरण, दो माह के खाद्यान्न उठाव व वितरण की सुचारू व्यवस्था सहित न्यायालयीन अवमानना याचिकाओं में जवाबदावा की समीक्षा भी की गई। साथ ही वर्तमान में गैस सिलेंडर स्टॉक व उपलब्धता के संबंध में जानकारी लेकर चर्चा की। जिला कलेक्टर ने कहा कि निरंतर रूप से सिलेंडर बुकिंग व वितरण की व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाए। प्रत्येक स्तर पर इसकी मॉनिटरिंग भी हो और आवश्यकतानुसार गैस एजेंसियों पर टोकन वितरण व्यवस्था के माध्यम से गैस एजेंसीवार कर्मचारियों की ड्यूटी भी तय की जाए।टीएल बैठक में विभिन्न विभागों के जमीन आवंटन के लंबित प्रकरणों की समीक्षा भी हुई। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर कोचिंग के व्यवस्थित रूप से संचालन के संबंध में भ्रमण कर एक सप्ताह में रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा शिक्षा एवं उच्च शिक्षा विभाग के समन्वय से आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया। संकल्प से समाधान अभियान के तृतीय चरण में स्थानीय निकायवार शिविरों के व्यवस्थित रूप से आयोजन तथा आगामी 19 मार्च से आरंभ होने वाले 100 दिवसीय जल गंगा संवर्धन अभियान की आवश्यक तैयारियों की दृष्टिगत भी टीएल बैठक में निर्देश दिए गए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी एवं अपर कलेक्टर मधुवंतराव धुर्वे सहित अन्य विभागों के अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
नशा सामग्रियों की रोकथाम के लिए करें जागरूक,
कलेक्टर ने टीएल बैठक में जिले की शैक्षणिक संस्थाओं में छात्र-छात्राओं को नशा मुक्ति अभियान तथा नशा सामग्रियों के उपयोग को हतोत्साहित करने के उद्देश्य से निरंतर जागरूकता गतिविधियों के आयोजन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सतत् रूप से प्रेरित कर इनका उपयोग न करने के लिए समझाईश दी जाए। शैक्षणिक संस्थाओं के परिसर के बाहर स्थित दुकानों पर भी खाद्य एवं सुरक्षा प्रशासन तथा पुलिस टीम द्वारा प्रभावी कार्यवाही की जाए। मादक पदार्थों एवं गांजा की तस्करी पर रोक तथा सीएमएचओ को मेडिकल स्टोर संचालकों की बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।



