सलैया बगरौड़ के शासकीय स्कूल में अतिक्रमण की शिकायत।,जिम्मेदारों की अनदेखी से दिनोदिन बढ़ रहे अतिक्रमण के मामले
रिपोर्ट – अमित कुमार (शाहनगर)
रैपुरा(पन्ना)– जिले में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण का दायरा निरंतर बढ़ रहा है। जो कि अब शहरी बेशकीमती जमीनों के साथ ही ग्रामीण अंचलों से भी अतिक्रमण की शिकायतें आए दिन सामने आ रहीं हैं। ऐसे मामलों का कारण प्रायः दबंग तत्वों के चलते उचित रोकथाम ना होना और प्रशासन की उपेक्षा देखा गया है। कई मामलों में जिम्मेदार अधिकारियों की शह की चर्चाएं भी सामने आती हैं। ऐसा ही एक मामला रैपुरा तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत बगरौड से सामने आया है। यहां के दबंग व्यक्ति गुलाब सिंह यादव द्वारा ग्राम सलैया समारी के शासकीय माध्यमिक स्कूल परिसर में ही दिनोदिन अतिक्रमण बढ़ाया जा रहा है। इस संबंध में ग्रामीणों और विद्यालय प्रबंधन द्वारा रोके जाने पर भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया। जिसके बाद ग्राम पंचायत और विद्यालय द्वारा तहसील प्रशासन को आवेदन सौंपते हुए तत्काल अतिक्रमण हटाए जाने की मांग की है। वर्तमान में यहां पत्थर बाउंड्री के साथ कच्चा घर बनाकर परिसर पर कब्जा किया गया है। इस संबंध शिकायतों के बाद तहसील पटवारी द्वारा मंगलवार को मौका निरीक्षण किया गया है। देखना होगा प्रशासन उक्त मामले किस तरह से कार्यवाही करेगा।



