पन्ना जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत हरदुआ चौकी इलाके में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां खेत से भैंस निकालने के विवाद में 60 वर्षीय वृद्ध की हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार हरदुआ पटेल गांव के निवासी नोने लाल पटेल और शिबू पटेल सुबह करीब 11:30 बजे अपने मवेशियों को चराते हुए खेतों के पास से ले जा रहे थे। इसी दौरान उनकी भैंसें पास ही स्थित मगना अहिरवार के खेत में चली गईं। भैंसों को खेत से बाहर निकालने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई।

बताया जा रहा है कि इसी विवाद के दौरान मगना अहिरवार के पुत्र देवेंद्र अहिरवार ने गुस्से में आकर नोने लाल पटेल के सिर पर लकड़ी के बल्ले से जोरदार वार कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण नोने लाल पटेल मौके पर ही गिर पड़े और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही हरदुआ चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है तथा आरोपी की तलाश की जा रही है।घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



