तेज रफ्तार का कहर, पिकअप वाहन ने अलग अलग दो बाइक सवारों को मारी जोरदार टक्कर, एक की हालत गंभीर,पिकअप चालक फरार
शाहनगर (पन्ना) ,,शाहनगर क्षेत्र में तेज रफ्तार का एक और खतरनाक मामला सामने आया है, जहां एक लापरवाह पिकअप वाहन ने अलग-अलग दो बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि दूसरे व्यक्ति को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज बुधवार सुबह लगभग 11 बजे एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन कचौरी की ओर से आ रहा था। जैसे ही वाहन कचौरी, छह घरा और डोंगरगंवा के बीच पहुंचा, उसने पहले एक बाइक सवार को टक्कर मारी और कुछ ही दूरी पर दूसरे बाइक सवार को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।घायलों में शैलेन्द्र कोरी, पिता शंकर लाल कोरी, उम्र 18 वर्ष, निवासी शाहनगर, शामिल हैं, जो कचौरी अपने घर जा रहे थे। हादसे में उनके सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं दूसरे घायल राम सिंह बुंदेला, पिता फूल सिंह बुंदेला, उम्र लगभग 60 वर्ष, को भी हाथ और पैरों में चोटें पहुंची हैं।घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने मानवता का परिचय देते हुए दोनों घायलों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) शाहनगर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। डॉक्टरों ने शैलेन्द्र कोरी की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल कटनी रेफर कर दिया है।इस घटना की सूचना मिलते ही थाना शाहनगर पुलिस को अवगत करा दिया गया है। पुलिस घटना स्थल पहुंच कर पिकअप वाहन को कब्जे में करते हुए वाहन चालक की तलाश एवं मामले की जांच शुरू कर दी है



