पन्ना जिले के शाहनगर ब्लॉक के NSUI पदाधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल हाल ही में देश की राजधानी नई दिल्ली पहुंचा, जहां उन्होंने संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ से मुलाकात की। यह मुलाकात संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिसमें जमीनी स्तर पर छात्र समस्याओं को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
शाहनगर ब्लॉक अध्यक्ष करण चौधरी के नेतृत्व में पहुंचे इस प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष कपिल चौधरी, अखिलेश चौधरी, रोहित चौधरी, परसोत्तम चौधरी, दीपचंद सहित अन्य सक्रिय कार्यकर्ता शामिल रहे। मुलाकात के दौरान पदाधिकारियों ने क्षेत्र के छात्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को विस्तारपूर्वक रखा। उन्होंने उच्च शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, शैक्षणिक संसाधनों की कमी, छात्रवृत्ति से जुड़ी परेशानियां, रोजगारपरक शिक्षा की आवश्यकता तथा ग्रामीण अंचलों में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने जैसे अहम मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।प्रतिनिधिमंडल ने यह भी बताया कि छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों को आज भी कई बुनियादी सुविधाओं के अभाव में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनके भविष्य पर सीधा असर पड़ता है।

इस पर राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने गंभीरता से चर्चा करते हुए सभी बिंदुओं को संगठन स्तर पर प्राथमिकता से उठाने का आश्वासन दिया।इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उपस्थित पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र संगठन की असली ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने सभी को संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, छात्रों के अधिकारों के लिए संघर्षरत रहने तथा शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया।मुलाकात के पश्चात शाहनगर ब्लॉक के सभी पदाधिकारियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। उन्होंने विश्वास जताया कि इस संवाद के माध्यम से क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस पहल होगी। साथ ही सभी ने एकजुट होकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और छात्र हितों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।



