
सतीष चौरसिया उमरियापान । उमरियापान से सिहोरा को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों बदहाली का शिकार हो गया है । यह सड़क सिहोरा से शहडोल को जोड़ता है, जिस पर दिन-रात छोटे-बड़े वाहनों की लगातार आवाजाही बनी रहती है । बावजूद इसके सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि यात्रियों और वाहन चालकों के लिए सफर करना मुश्किल हो गया है । जनपद अध्यक्ष सुनीता संतोष दुबे ने बताया कि पकरिया से लगभग तीन किलोमीटर तक सड़क पूरी तरह से उखड़ चुकी और जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन जाने के कारण सड़क कम और गड्ढों का जाल ज्यादा नजर आता है । वाहन चालकों को इस मार्ग से गुजरते समय भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं दुर्घटना की आशंका भी लगातार बनी रहती है । स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया गया है । दैनिक जबलपुर दर्पण अखबार के माध्यम से भी अनेक बार इस जर्जर सड़क की खबर प्रकाशित कर जिम्मेदार अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन इसके बावजूद अब तक सड़क की मरम्मत के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई । ग्रामीणो का कहना है कि बरसात के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है । गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है । क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि इस महत्वपूर्ण मार्ग की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि आम जनता को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके । यदि समय रहते इस सड़क की सुध नहीं ली गई तो किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता ।


