
पन्ना जिले के शाहनगर थाना क्षेत्र में लापरवाह और नशे में धुत बाइक सवारों की करतूत ने एक छात्रा का भविष्य दांव पर लगा दिया। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे गजंदा गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब परीक्षा देने जा रही 11वीं कक्षा की छात्रा को शराब के नशे में बाइक चला रहे युवकों ने जोरदार टक्कर मार दी।जानकारी के अनुसार गजंदा निवासी रमजान खान अपनी बेटी रोजी बानो को परीक्षा दिलाने के लिए स्कूल लेकर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रहे बाइक सवार युवक, जो कथित रूप से शराब के नशे में थे और अपने साथ शराब भी रखे हुए थे, ने उनकी बाइक को सीधे टक्कर मार दी।टक्कर इतनी तेज थी कि छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल छात्रा को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहनगर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। हादसे के कारण छात्रा अपने 11वीं कक्षा के पेपर में शामिल नहीं हो सकी।घटना के बाद बाइक सवार युवक मौके से फरार हो गए। हालांकि उनकी मोटरसाइकिल को पुलिस के हवाले कर दिया गया है।इस घटना ने एक बार फिर नशे में वाहन चलाने वालों की लापरवाही और प्रशासन की सख्ती पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस फरार आरोपियों को कब तक गिरफ्तार कर पाती है और पीड़ित छात्रा को न्याय कब मिलता है।


