धनतेरस एवं दीपावली पर्व के मद्देनजर जिले में शांति, सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा ने कोतवाली एवं माधवनगर क्षेत्र के प्रमुख बाजारों का पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।पुलिस अधीक्षक ने थाना तिराहा, झंडा बाजार, सर्राफा बाजार, सुभाष चौक, तांगा स्टैंड, इमलिया फटाका बाजार, एवं माधवनगर बाजार सहित प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण एवं आम नागरिकों की सुविधाओं का निरीक्षण किया। साथ ही स्थानीय दुकानदारों एवं नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी भी ली।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री विश्वकर्मा ने स्थानीय मिट्टी के दीये खरीदकर स्वदेशी उत्पादों एवं छोटे दुकानदारों को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया। उन्होंने नागरिकों से भी दीपावली पर स्थानीय कुम्हारों एवं छोटे व्यापारियों से मिट्टी के दीये खरीदने तथा उनके रोजगार को बढ़ावा देने की अपील की।

https://www.facebook.com/share/v/1FJ1XuP7oj/
सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने बाजारों में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था में तैनात पुलिस बल को पूरी मुस्तैदी एवं सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान बाजारों में भीड़भाड़ को देखते हुए पुलिस की प्रभावी मौजूदगी सुनिश्चित की जाए, ताकि आम नागरिकों एवं व्यापारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
आतिशबाजी के मद्देनजर अग्नि सुरक्षा की विशेष तैयारी
दीपावली के दौरान आतिशबाजी एवं आगजनी की संभावित घटनाओं से निपटने के लिए पुलिस द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में बाजारों की संकरी गलियों में अग्निशमन वाहन की पहुंच, त्वरित प्रतिक्रिया एवं आग पर नियंत्रण की कार्यप्रणाली को परखने के लिए फायर ब्रिगेड के साथ क्विक रिस्पॉन्स एवं फायर कंट्रोल का रिहर्सल किया गया। इसका उद्देश्य आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई कर जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को त्योहार के दौरान सतर्क रहकर समन्वय के साथ कार्य करने तथा सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य, डीएसपी हेडक्वार्टर श्री रत्नेश मिश्रा, थाना प्रभारी कोतवाली श्रीमती राखी पांडे एवं यातायात प्रभारी सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।कटनी पुलिस की अपील: धनतेरस एवं दीपावली का पर्व शांति, सौहार्द एवं सुरक्षित वातावरण में मनाएं। बाजारों में यातायात नियमों का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 7049140924 पर दें।
रिपोर्ट – राहुल राज



