नगर निगम कम्युनिटी हॉल में हुई चोरी का कोतवाली पुलिस ने किया पर्दाफाश,पकड़े गए आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए 03 मॉनीटर बरामद
श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदय श्री अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) द्वारा जिले में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने एवं घटित चोरी की वारदातों का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी तथा चोरी गए माल की बरामदगी हेतु समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है।इसी तारतम्य में थाना कोतवाली क्षेत्रांतर्गत नगर निगम कम्युनिटी हॉल में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए चोरी के एक आरोपी को गिरफ्तार करने एवं उसके कब्जे से चोरी किए गए 03 नग कम्प्यूटर मॉनीटर, कीमती करीब 31,800 रुपये बरामद करने में कोतवाली पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। मामले में शामिल दूसरा आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।घटना का विवरण-दिनांक 05.11.2026 को नगर निगम कटनी में पदस्थ स्टोर कीपर आदित्य मिश्रा पिता स्व. के.के. मिश्रा द्वारा थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 03.11.2026 को शाम करीब 06:30 बजे वह नगर निगम कम्युनिटी हॉल में ताला लगाकर चला गया था।

अगले दिन दिनांक 04.11.2026 को सुबह करीब 10:00 बजे वापस आकर हॉल का ताला खोलकर अंदर देखा तो वहां रखा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था। हॉल के पीछे जाकर देखने पर पीछे की दीवार टूटी हुई मिली। अंदर रखे सामान की जांच करने पर 01 नग डेल कंपनी का सीपीयू एवं 05 नग एलईडी मॉनीटर गायब मिले, जिन्हें कोई अज्ञात चोर चोरी कर ले गया था।फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अप.क्र. 1264/26 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस की त्वरित कार्यवाही एवं आरोपी की गिरफ्तारी- घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशानुसार थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय द्वारा तत्काल पुलिस टीम गठित कर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कराया गया तथा अज्ञात आरोपियों की पतासाजी के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया।विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि गोल बाजार के आसपास एक युवक कम्प्यूटर मॉनीटर सस्ते दामों पर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम रवाना कर मुखबिर के बताए हुलिए के युवक को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम गोलू ठाकुर पिता मंगल ठाकुर उम्र 27 वर्ष निवासी भट्टा मोहल्ला, थाना रंगनाथनगर, जिला कटनी बताया।संदेही से कम्प्यूटर मॉनीटर बेचने के संबंध में पूछताछ करने पर उसने 03 मॉनीटर बैलटघाट के पास झाड़ियों में छिपाकर रखना बताया। पुलिस टीम द्वारा तत्काल उसे साथ लेकर बताए गए स्थान पर दबिश दी गई, जहां कार्टून में पैक किए हुए 03 नग एलईडी मॉनीटर बरामद किए गए।*पूछताछ में किया चोरी की वारदात का खुलासा- आरोपी गोलू ठाकुर से पूछताछ करने पर उसने अपने साथी बिट्टू उर्फ समीर निषाद के साथ मिलकर दिनांक 03-04.11.2026 की दरमियानी रात नगर निगम कम्युनिटी हॉल में चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि दोनों ने कम्युनिटी हॉल के पीछे की टूटी हुई दीवार से अंदर प्रवेश कर हॉल में रखे 05 नग मॉनीटर एवं 01 नग सीपीयू चोरी किए थे तथा चोरी किए गए सामान को आपस में बांट लिया था। उसके हिस्से में 03 नग मॉनीटर आए थे, जबकि शेष सामान उसका साथी बिट्टू उर्फ समीर निषाद अपने साथ ले गया था। पुलिस द्वारा आरोपी गोलू ठाकुर को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। प्रकरण में फरार दूसरे आरोपी बिट्टू उर्फ समीर निषाद की तलाश की जा रही है। उसकी गिरफ्तारी कर शेष चोरी गया माल बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय द्वारा बताया गया कि नगर निगम कम्युनिटी हॉल में हुई चोरी की घटना में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 03 नग कम्प्यूटर मॉनीटर बरामद किए गए हैं। प्रकरण में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश जारी है, जिसे शीघ्र गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पंजीबद्ध अपराध- अप.क्र. 1264/26 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस गिरफ्तार आरोपी का नाम व पता- गोलू ठाकुर पिता मंगल ठाकुर उम्र 27 वर्ष निवासी भट्टा मोहल्ला, थाना रंगनाथनगर, जिला कटनी।फरार आरोपी- बिट्टू उर्फ समीर निषाद निवासी गांधीगंज, कटनी।बरामद मशरूका-03 नग कम्प्यूटर एलईडी मॉनीटर, कुल कीमती करीब 31,800 रुपये।*पुलिस कार्यवाही में विशेष भूमिका-
श्रीमान पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में, श्रीमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक अजाक श्री अनिमेष द्विवेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय, उनि. कुलदीप सिंह, प्र.आर. अनुराग सोनकर, अनिल सेंगर, वीरेन्द्र सिंह, पुष्पराज सिंह तथा आर. दीपक तिवारी, अमित सिंह, उपेन्द्र सिंह, मंसूर हुसैन, मोहन मण्डलोई, दिनेश सेन, अजीत सिंह एवं रोहित राठौर की सराहनीय भूमिका रही।
रिपोर्ट – राहुल राज



