दक्षिण पन्ना वनमंडल की कार्रवाई ,,शाहनगर में लगभग 1.5 किलोग्राम जंगली सूअर के मांस के साथ एक व्यक्ति पकड़ा गया
दक्षिण पन्ना वनमंडल के अंतर्गत वन परिक्षेत्र शाहनगर की सुनपुरा बीट में वन अमले द्वारा लगभग 1.5 किलोग्राम जंगली सूअर के मांस के साथ एक व्यक्ति को पकड़ा गया है। दिनांक 06 नवंबर 2026 को वन कक्ष क्रमांक पी-939 में नियमित गश्त के दौरान वन अमला एक स्थानीय व्यक्ति को वन भूमि की सुरक्षा एवं अतिक्रमण की रोकथाम के संबंध में समझाइश दे रहा था। इसी दौरान एक व्यक्ति बोरी लेकर वहाँ से गुजरता दिखाई दिया। उसकी गतिविधियाँ संदिग्ध प्रतीत होने पर वन कर्मचारियों ने उसे रुकने के लिए कहा, किंतु उसने भागने का प्रयास किया। तत्परता दिखाते हुए वन अमले ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

पूछताछ में उक्त व्यक्ति ने अपना नाम लवकुश आदिवासी, पिता श्री हुकुम आदिवासी, निवासी ग्राम परासी, तहसील शाहनगर, जिला पन्ना बताया। उसके पास मौजूद बोरी की तलाशी लेने पर उसमें मांस के टुकड़े पाए गए। प्रारंभिक पूछताछ में उसने उक्त मांस जंगली सूअर का होना बताया। इसके उपरांत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्ति को वन परिक्षेत्र कार्यालय, शाहनगर लाया गया।
वन परिक्षेत्र कार्यालय, शाहनगर में उक्त व्यक्ति को उप वनमंडलाधिकारी, कल्दा के समक्ष प्रस्तुत किया गया, एवं बयान दर्ज किया गया। प्रकरण में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।



