कटनी – कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर आयोजित जनसुनवाई में अधिकारियों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 122 आवेदकों की समस्याएं गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनीं। साथ ही संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन का तथ्यात्मक परीक्षण कर नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, अपर कलेक्टर श्री नीलांबर मिश्रा, एसडीएम कटनी श्री जितेन्द्र पटेल, डिप्टी कलेक्टर ज्योति लिल्हारे सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
जनसुनवाई के दौरान ग्राम पंचायत वरनमहगवां निवासी राममनोहर कोल ने मुख्यमंत्री कृषक जीवन कल्याण योजना से सहायता राशि दिलाए जाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। इसी प्रकार बरही निवासी श्रीमति माकती उपाध्याय ने गौशाला निर्माण हेतु आर्थिक अनुदान प्रदान करने हेतु आवेदन दिया। ग्राम बरहटा निवासी श्री अजय कुमार गुप्ता ने विजयराघवगढ़ क्षेत्र में अवैध शराब एवं गांजा की अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए आवेदन दिया।
वहीं ग्राम कनोर निवासी श्री अवधेश सिंह ने समग्र आई-डी में आधार लिंक करवाने हेतु आवेदन दिया। जबकि ग्राम साकिन खम्हरिया निवासी मनोज कुमार रैदास ने आवास हेतु भूमि प्रदान कराने के लिए आवेदन दिया। इसी प्रकार कटनी निवासी श्री संजीव कुमार यादव ने अपनी पुत्री शिवांगी यादव के ईलाज के लिए आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए आवेदन दिया।
रिपोर्ट – राहुल राज



