नाश्ते के मेन्यू को लेकर शुरू हुआ था विवाद, दोनों पक्षों ने कलेक्टर को आवेदन देकर आगे कार्रवाई नहीं करने की मांग की
कटनी – खिरहनी स्थित शासकीय अनुसूचित जाति पोस्ट मैट्रिक महाविद्यालय छात्रावास में नाश्ते के मेन्यू को लेकर अधीक्षक और छात्रों के बीच हुए विवाद में अब नया घटनाक्रम सामने आया है। बीते सोमवार को दोनों पक्षों के बीच आज मंगलवार को आपसी बातचीत के बाद समझौता हो गया है। इसके बाद दोनों पक्षों ने अपनी सहमति से जिला कलेक्टर कटनी के नाम आवेदन प्रस्तुत कर मामले में आगे कोई कार्रवाई नहीं किए जाने का अनुरोध किया है।

आवेदन के अनुसार, 1 नवंबर 2026 को छात्रावास में अधीक्षक धर्मेंद्र अटल और कुछ छात्रों के बीच विवाद हुआ था। इस घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग आरोप लगाए गए थे। अधीक्षक संघ ने जहां छात्रों पर मारपीट और उंगली फैक्चर होने का आरोप लगाया था, वहीं छात्रों की ओर से नाश्ते के मेन्यू में बदलाव की मांग को लेकर विवाद शुरू होने की बात सामने आई थी।
आपसी बातचीत से सुलझा मामला
अब इस विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच आपसी बातचीत हुई, जिसके बाद सहमति से समझौता कर लिया गया। समझौता आवेदन में दोनों पक्षों ने स्पष्ट किया है कि विवाद को वे अपनी स्वतंत्र इच्छा से, बिना किसी दबाव के समाप्त कर चुके हैं। अब उनके बीच किसी प्रकार का विवाद, मनमुटाव या शिकायत शेष नहीं है।
कलेक्टर से आगे कार्रवाई नहीं करने का अनुरोध
दोनों पक्षों की ओर से प्रस्तुत आवेदन में कलेक्टर से अनुरोध किया गया है कि आपसी समझौता हो जाने के कारण प्रकरण में आगे कोई कार्रवाई न की जाए और समझौता आवेदन को अभिलेख में लिया जाए। साथ ही भविष्य में आपसी शांति और सौहार्द बनाए रखने पर भी सहमति जताई गई है।

इस आवेदन की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक कटनी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला संयोजक तथा थाना प्रभारी एनकेजे को भी भेजी गई है।
विवाद के बाद समझौते से मिली राहत
छात्रावास में हुए इस विवाद ने बीते दिनों काफी चर्चा बटोरी थी। दोनों पक्षों के अलग-अलग आरोपों के बीच अब आपसी सहमति से समझौता होने की बात सामने आई है। हालांकि, आवेदन में समझौते की सहमति जताई गई है,



