पन्ना(MP) – पन्ना से खजुराहो जाने वाले राहगीरों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मड़ला घाट पर लगने वाले लंबे जाम से अब जल्द छुटकारा मिलने की उम्मीद है। आए दिन वाहनों के खराब होने और संकरे रास्ते के कारण घंटों जाम में फंसे रहने वाले मुसाफिरों की परेशानी को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सव्यसाची सराफ ने एक नई पहल की है।जेके सीमेंट फैक्ट्री के सहयोग से यहां 24 घंटे विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है। अब घाट पर क्रेन, पेट्रोलिंग वाहन, प्रशिक्षित वालंटियर्स और पुलिस जवान मुस्तैद रहेंगे। यानी वाहन खराब हुआ तो मदद के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा। आखिर क्या है एसपी का पूरा एक्शन प्लान, देखिए हमारी यह खास रिपोर्ट।
मड़ला घाट… पन्ना और खजुराहो को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण मार्ग, जहां जाम की समस्या लंबे समय से राहगीरों के लिए मुसीबत बनी हुई थी। खासकर भारी वाहनों के खराब होने या सड़क पर फंसने से यातायात घंटों बाधित हो जाता था।इसी समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में पुलिस अधीक्षक सव्यसाची सराफ ने पहल करते हुए विशेष ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार किया है। इसके तहत भैरो टेक मंदिर से भारत पेट्रोलियम और लक्ष्मण पुलिया से चौकी मोड़ तक करीब चार किलोमीटर के संवेदनशील हिस्से को चिन्हित किया गया है।
इस व्यवस्था की सबसे बड़ी खासियत यह है कि अब मड़ला घाट पर 24 घंटे क्रेन और पेट्रोलिंग वाहन उपलब्ध रहेंगे। जेके सीमेंट फैक्ट्री के सहयोग से चार से पांच प्रशिक्षित मार्शल वालंटियर्स भी तैनात किए जाएंगे, जो पुलिस के साथ मिलकर यातायात व्यवस्था संभालेंगे।शाम पांच बजे से रात ग्यारह बजे तक, जब यातायात का दबाव सबसे ज्यादा रहता है, उस दौरान विशेष पुलिस बल की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है। किसी वाहन के खराब होने या सड़क पर जाम की स्थिति बनने पर तत्काल क्रेन की मदद से रास्ता खाली कराया जाएगा
इतना ही नहीं, मड़ला घाट के नेटवर्क विहीन इलाकों में भी आपातकालीन संचार व्यवस्था को मजबूत किया गया है। इसके लिए वॉकी-टॉकी नेटवर्क सक्रिय किया गया है। साथ ही प्रमुख स्थानों पर अधिकारियों के मोबाइल नंबर प्रदर्शित किए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर राहगीर सीधे सहायता प्राप्त कर सकें।ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और वालंटियर्स को जनता के साथ विनम्र व्यवहार करने का प्रशिक्षण भी दिया गया है। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर रेडियम रिफ्लेक्टिव जैकेट और आधुनिक टॉर्च उपलब्ध कराई गई हैं।एंकर आउट्रोकुल मिलाकर, मड़ला घाट पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने तकनीक, संसाधन और जनसहयोग का सहारा लिया है। अब देखना होगा कि एसपी सव्यसाची सराफ की यह पहल जमीनी स्तर पर जाम की समस्या से कितनी राहत दिला पाती है।फिलहाल इस नई व्यवस्था से पन्ना-खजुराहो मार्ग से गुजरने वाले हजारों राहगीरों को राहत मिलने की उम्मीद जरूर बढ़ गई है।



