शाहनगर, जिला पन्ना
शाहनगर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया, जहां नशे में धुत एक बाइक सवार की लापरवाही दो बुजुर्गों पर भारी पड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार आज शनिवार शाम लगभग 6 बजे झुकेही–शाहनगर मार्ग पर कचौरी भिलाई हार के पास एक तेज रफ्तार बाइक सवार गलत दिशा यानी रॉन्ग साइड से आ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे दो बुजुर्ग राहगीरों को उसने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बुजुर्ग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए बिना देर किए एंबुलेंस को सूचना दी और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहनगर पहुंचाया। अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन दोनों की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल कटनी रेफर कर दिया गया।

घायलों की पहचान शीला बाई कोरी, उम्र 62 वर्ष, पत्नी राम मिलन कोरी और राम मिलन कोरी, उम्र लगभग 63 वर्ष, पिता अयोध्या कोरी, निवासी कचौरी थाना शाहनगर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बाइक सवार नशे की हालत में था और लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था, जिसके चलते यह गंभीर हादसा हुआ।
इस घटना की सूचना थाना शाहनगर पुलिस को दे दी गई है, जिसके बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। हादसे के बाद क्षेत्र मे नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही और नशा किस तरह किसी की जिंदगी को खतरे में डाल सकता है।



