कटनी, 10 अगस्त 2026
“सृजन” कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को नवीन आपराधिक कानूनों की दी गई जानकारी, थानों एवं पुलिस कार्यालयों का भी कराया जाएगा भ्रमण
माधव नगर उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित कार्यशाला में विद्यार्थियों ने जानी पुलिस की कार्यप्रणाली
मध्य प्रदेश पुलिस एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संचालित “सृजन” कार्यक्रम के अंतर्गत आज थाना माधव नगर क्षेत्र स्थित शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, माधव नगर में कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के लिए विशेष जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को नवीन आपराधिक कानूनों (New Criminal Laws), कानूनी प्रक्रिया तथा बच्चों एवं किशोरों की सुरक्षा से संबंधित विशेष कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के साथ-साथ थाना भ्रमण भी कराया गया।
कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य, उप पुलिस अधीक्षक सुश्री शिवा पाठक एवं थाना माधव नगर से पुलिस उप निरीक्षक श्री नवीन नामदेव अपनी टीम सहित उपस्थित रहे।
कार्यशाला में पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली, शिकायतों के निराकरण, कानूनी प्रक्रिया तथा पुलिस एवं आमजन के बीच समन्वय से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी। विद्यार्थियों द्वारा पुलिस व्यवस्था एवं कानून से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे गए, जिनका अधिकारियों द्वारा सरल एवं सहज भाषा में समाधान किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नवीन आपराधिक कानूनों की मूल भावना, उनकी उपयोगिता तथा बच्चों एवं किशोरों के हितों एवं सुरक्षा के लिए उपलब्ध विशेष कानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तार से बताया। विद्यार्थियों को कानून के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में उचित माध्यम से पुलिस एवं संबंधित विभागों से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
थानों एवं पुलिस कार्यालयों का कराया जाएगा भ्रमण
“सृजन” कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को केवल कक्षा स्तर पर कानून एवं पुलिस व्यवस्था की जानकारी देने तक सीमित न रखते हुए, पुलिस की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से समझाने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न पुलिस थानों एवं पुलिस कार्यालयों का भ्रमण भी कराया जाएगा। इस दौरान विद्यार्थियों को थाना स्तर पर होने वाली विभिन्न पुलिस प्रक्रियाओं, शिकायत प्राप्त करने एवं निराकरण की प्रक्रिया, पुलिस अभिलेख एवं अन्य महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं से परिचित कराया जाएगा।



