शाहनगर/पन्ना – पन्ना जिले के थाना शाहनगर के बोरी चौकी क्षेत्र के ग्राम रंगौली में सोमवार सुबह शासकीय भूमि पर खेती करने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चल गए, जिसमें करीब छह लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में एक गर्भवती महिला भी शामिल है।
बताया जा रहा है कि विवाद की जड़ शासकीय भूमि पर खेती और कब्जे से जुड़ी है। ग्रामीणों के अनुसार, इस विवाद की शुरुआत दिल्ली से जुड़े विवाद से हुई थी, जो अब रंगौली गांव तक पहुंच गई और देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहनगर पहुंचाया गया। बीएमओ डॉ. एस.के. लोधी के अनुसार, एक पक्ष से गोविंद चौधरी, दौलत चौधरी और राधाबाई चौधरी घायल हुए हैं। इनमें दौलत चौधरी को सिर में चोट के चलते जिला अस्पताल कटनी रेफर किया गया है।
वहीं दूसरे पक्ष से जितेंद्र चौधरी, गर्भवती सावित्री बाई और दयाराम चौधरी के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
फिलहाल घायलों का उपचार जारी है और बोरी चौकी पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस जांच और मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही विवाद की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
👉 आखिर दिल्ली से शुरू हुआ विवाद रंगौली तक कैसे पहुंचा और शासकीय भूमि को लेकर मामला लाठी-डंडों तक कैसे पहुंच गया? पुलिस जांच के बाद इन सवालों के जवाब सामने आएंगे।



