पन्ना (म.प्र.) – पन्ना जिले के शाहनगर थाना क्षेत्र के ग्राम पुरैना में हुए अंधे हत्या कांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिये हैं। इस कार्रवाई को पन्ना पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमती निवेदिता नायडू के निर्देशन में शाहनगर थाना पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले की जांच करते हुए आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना चौहान तथा एसडीओपी पवई भावना दांगी के मार्गदर्शन में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
जानकारी के अनुसार 21 जनवरी 2026 को फरियादी सुभाष सिंह राठौर, निवासी ग्राम पुरैना, थाना शाहनगर ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसका चचेरा भाई प्रताप सिंह राठौर सुबह करीब 8:30 बजे घर से दो प्लास्टिक के गुम्मे लेकर साइकिल से गांव के नल वाले बगीचे में पानी लेने गया था, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो देवहाई हार क्षेत्र में पत्थर की खखरी के पास डबरा में भरे पानी के गड्ढे में प्रताप सिंह राठौर का शव पड़ा मिला। मृतक के सिर के दाहिनी ओर गहरा घाव था और आसपास खून फैला हुआ था।
सूचना मिलते ही शाहनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग क्रमांक 1/26 दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण करने के लिए एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड भी बुलाया गया। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से हमला कर प्रताप सिंह राठौर की हत्या की है। इसके बाद थाना शाहनगर में अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का अपराध क्रमांक 38/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान सूचना मिली कि घटना के समय छोटे उर्फ उदय सिंह राठौर को घटनास्थल के आसपास देखा गया था। पुलिस ने संदेह के आधार पर आरोपी को 8 मार्च 2026 को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी ने बताया कि जिस स्थान पर उसके जानवर बंधते हैं, उसी के पास मृतक प्रतिदिन शौच करता था। इस बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था और आपसी रंजिश चल रही थी। घटना वाले दिन भी विवाद हुआ, जिसके बाद गुस्से में आकर आरोपी ने कुल्हाड़ी से सिर पर वार कर प्रताप सिंह राठौर की हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और खून से सने कपड़े जब्त कर लिये हैं। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। मामले की विवेचना अभी जारी है।
इस पूरे मामले के खुलासे में थाना प्रभारी शाहनगर निरीक्षक परशुराम डाबर, उपनिरीक्षक मनोज यादव, प्रधान आरक्षक मनोज त्रिपाठी, आरक्षक रविंद्र कुमार, राकेश, भजन लाल, सोहन सिंह, महिला आरक्षक दीक्षा तथा चालक प्रमोद प्रजापति का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस अधीक्षक पन्ना ने पूरी टीम की कार्यवाही की सराहना की है।


