पन्ना जिले के ग्राम पडवार में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां 8 माह की गर्भवती महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। मृतक महिला की पहचान 27 वर्षीय नीता साहू के रूप में हुई है, जो अपने घर में लहूलुहान हालत में मृत पाई गई।जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह लगभग 11 बजे नीता साहू के घर के अंदर से अचानक चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनाई दीं। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। जब लोग घर के अंदर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि महिला खून से लथपथ जमीन पर पड़ी हुई थी और उसके शरीर पर धारदार हथियार से किए गए गंभीर वार के निशान थे। उस समय घर के अंदर उसकी सास और ससुर कुट्टू साहू मौजूद थे, जबकि उसका पति दयाराम साहू स्कूल गया हुआ था।ग्रामीणों ने बताया कि मृतक महिला करीब 8 माह की गर्भवती थी और इस हमले में उसके पेट में पल रहे बच्चे की भी मौत हो गई। घटना का दृश्य देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। इसके बाद तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी गई और साथ ही मोहन्द्रा चौकी पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई।सूचना मिलते ही मोहन्द्रा चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सिमरिया अस्पताल भिजवाया। घटना की गंभीरता को देखते हुए सिमरिया थाना प्रभारी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

इधर मृतका के मायके पक्ष ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि नीता साहू की हत्या उसके सास और ससुर द्वारा की गई है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें सख्त से सख्त सजा देने की मांग की है। बताया जा रहा है कि मृतक महिला की दो बेटियां भी हैं, जिनकी उम्र लगभग 5 वर्ष और 7 वर्ष बताई जा रही है।फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पूरे मामले की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।



