पन्ना जिले के शाहनगर के नीलाद्री किड्स प्ले स्कूल ने शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए अपनी गुणवत्ता का परिचय दिया है। वर्ष 2022 में शुरू हुए इस विद्यालय के प्रथम बैच के छात्र आदित्य राज सिंह का चयन प्रतिष्ठित जवाहर नवोदय विद्यालय में हुआ है। इस सफलता ने न केवल विद्यालय परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल बना दिया है।बताया जा रहा है कि विद्यालय की स्थापना के महज तीन वर्ष बाद ही यह उपलब्धि हासिल होना स्टाफ और विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत का परिणाम है। प्रथम बैच के छात्र के रूप में आदित्य ने यह सफलता प्राप्त कर स्कूल का नाम रोशन किया है।इस अवसर पर विद्यालय में एक सादगीपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षकों और विद्यार्थियों ने आदित्य को मिठाई खिलाकर बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।आदित्य के पिता श्री जय मंगल सिंह ने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यालय परिवार को देते हुए डायरेक्टर इंजी. हनुमत पटेल के मार्गदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय के शिक्षकों के निरंतर सहयोग और सही दिशा-निर्देशन के कारण ही यह सफलता संभव हो सकी है।

विद्यालय की प्रधानाध्यापिका नैंसी सिंह सहित शिक्षिका सौम्या जैन, आशी जैन, सृष्टि जैन, रोशनी जैन, गायत्री अहिरवार एवं अनामिका सिंह ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए आदित्य को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि आदित्य भविष्य में भी इसी तरह सफलता के नए आयाम स्थापित करेगा।नीलाद्री किड्स प्ले स्कूल की यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रही है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि समर्पण, मार्गदर्शन और मेहनत से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।




