पन्ना जिले के नवागत कलेक्टर एवं वर्ष 2015 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी हर्ष सिंह ने सोमवार को अपराह्न कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर विधिवत पदभार ग्रहण किया। उनके पदभार संभालने के साथ ही जिले में प्रशासनिक नेतृत्व की नई शुरुआत हुई है।पदभार ग्रहण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उमराव सिंह मरावी, अपर कलेक्टर मधुवंतराव धुर्वे, जिला कोषालय अधिकारी विनोद कुमार श्रीवास्तव, एसडीएम आलोक मार्को एवं डिप्टी कलेक्टर अनुराग गुर्जर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बुरहानपुर में भी संभाल चुके हैं कलेक्टर की जिम्मेदारी
नवागत कलेक्टर हर्ष सिंह इससे पहले जनवरी 2025 से बुरहानपुर जिले में कलेक्टर के पद पर कार्यरत थे। अपने प्रशासनिक सेवाकाल के दौरान उन्होंने विभिन्न स्थानों पर कई महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारियां निभाई हैं।अब पन्ना जिले की प्रशासनिक कमान संभालने के बाद उनके नेतृत्व में जिले के विकास कार्यों, जनसमस्याओं के निराकरण और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर लोगों की उम्मीदें रहेंगी।



