मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में पन्ना जिले के सेक्टर मोहन्द्रा में प्रस्फुटन समितियों का एकदिवसीय क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नवांकुर संस्थाओं, प्रस्फुटन समितियों के अध्यक्षों, सचिवों, कोषाध्यक्षों, सदस्यों एवं नवांकुर सखी के सदस्यों ने सहभागिता की।कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर ब्लॉक समन्वयक बृजेन्द्र जड़िया की गरिमामयी उपस्थिति रही।प्रशिक्षण के मुख्य प्रशिक्षक एवं परामर्शदाता नवी मोहम्मद ने प्रस्फुटन समितियों के उद्देश्य, कार्यप्रणाली, सामाजिक क्षेत्र में उनकी भूमिका, गतिविधियों के संचालन एवं दस्तावेजीकरण सहित सोसायटी पंजीयन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।

साथ ही वृक्षारोपण, जल गंगा संवर्धन एवं जल संचय जैसे विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया।कार्यक्रम के दौरान अनुष्का श्री सेवा समिति, हथकुरी के अध्यक्ष ने गांव में संस्था द्वारा संचालित सामाजिक गतिविधियों की जानकारी प्रस्तुत की। प्रशिक्षण के समापन अवसर पर ब्लॉक समन्वयक द्वारा समिति के सदस्यों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।कार्यक्रम के अंत में नवांकुर संस्था के अरविंद कोरी ने उपस्थित अधिकारियों एवं समिति सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। यह प्रशिक्षण सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जनकल्याणकारी गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित करने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा।



