कहते हैं कि सपनों की कोई सीमा नहीं होती, यदि इरादे मजबूत हों और मेहनत निरंतर हो, तो गांव की पगडंडियों से निकलकर भी सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचा जा सकता है। इस बात को सच साबित किया है कटनी जिले के बड़वारा क्षेत्र से जुड़े मनोज कुमार चौधरी ने, जिनका चयन मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) द्वारा आयोजित खनिज निरीक्षक (Mineral Inspector) परीक्षा में हुआ है।साधारण ग्रामीण परिवेश से आने वाले मनोज कुमार चौधरी ने अपनी सफलता का रास्ता आसान नहीं पाया। उन्होंने वर्षों तक इंदौर और दिल्ली में रहकर अनुशासित दिनचर्या, लगातार अध्ययन और कठिन परिश्रम के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की। कई चुनौतियों के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अंततः अपने लक्ष्य को हासिल कर लिया।मनोज कुमार चौधरी पन्ना जिले की ग्राम पंचायत बिसानी की सरपंच शशिकला चौधरी के भाई हैं। उनकी सफलता से परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र में गर्व और खुशी का माहौल है।बिसानी सरपंच के पति एवं आबकारी उप निरीक्षक सियाराम चौधरी ने बताया कि मनोज की उपलब्धि यह साबित करती है कि सफलता केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं है। यदि संकल्प मजबूत हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो ग्रामीण क्षेत्र का युवा भी किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता प्राप्त कर सकता है। मनोज कुमार चौधरी की यह उपलब्धि उन हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं। उनकी कहानी यह संदेश देती है कि मंजिल उसी को मिलती है, जो कठिनाइयों से घबराने के बजाय लगातार आगे बढ़ता रहता है।मनोज के चयन पर परिजनों, मित्रों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी सफलता अब क्षेत्र के युवाओं के लिए एक नई प्रेरणा बन गई है, जो उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए और अधिक मेहनत करने का हौसला देगी।



