पन्ना जिले के जनपद पंचायत शाहनगर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत अतरहाई में कथित रूप से हो रही अवैध शराब की बिक्री के विरोध में सोमवार को बड़ी संख्या में आदिवासी महिलाओं ने शाहनगर एसडीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। महिलाओं ने प्रशासन से गांव में अवैध शराब की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।महिलाओं का कहना था कि गांव में अवैध शराब की आसान उपलब्धता के कारण उनके पति नशे की लत का शिकार हो रहे हैं। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई लोग शराब के लिए घर का अनाज और अन्य जरूरी सामान तक बेच देते हैं, जिससे परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाता है। महिलाओं ने कहा कि इस स्थिति से बच्चों की पढ़ाई, परिवार के स्वास्थ्य और घरेलू माहौल पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।इस दौरान ग्राम पंचायत अतरहाई के सरपंच खुशीराम पटेल भी महिलाओं के साथ मौजूद रहे।

उन्होंने प्रशासन से गांव में कथित रूप से चल रही अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की। सरपंच ने कहा कि अवैध शराब के कारण सामाजिक और पारिवारिक समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं, इसलिए इस पर शीघ्र रोक लगना आवश्यक है।महिलाओं ने एसडीएम से आग्रह किया कि गांव और आसपास के क्षेत्रों में अवैध शराब की बिक्री की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि ग्रामीणों को नशे की समस्या से राहत मिल सके। प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।



