पन्ना जिले के शाहनगर क्षेत्र के ग्राम धर्मपुरा में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां 11 केवी विद्युत लाइन से गिरे अंगारों की चपेट में आकर एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार धर्मपुरा निवासी रानी बाई चौधरी, पति मनोज चौधरी, अपने खेत में काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक मौसम बिगड़ा और तेज हवा चलने लगी।बताया जा रहा है कि खेत के ऊपर से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन से अचानक चिंगारी और आग के अंगारे गिरने लगे। देखते ही देखते ये अंगारे रानी बाई के ऊपर आ गिरे, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गईं। हादसे में उनके दाएं हाथ और बाएं पैर में गहरी चोटें आई हैं।घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शाहनगर पहुंचाया, जहां डॉ. सर्वेश कुमार लोधी द्वारा उनका प्राथमिक उपचार किया गया। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें जिला चिकित्सालय कटनी रेफर कर दिया है।इस घटना के बाद । ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि जर्जर और असुरक्षित बिजली लाइनों की जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। प्रशासन से भी मामले में उचित कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।



